बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान रनवे पर ही विमान के लैंडिंग गियर का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से विमान में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से उड़ान भरकर बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट अपने निर्धारित समय के अनुसार बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। लैंडिंग के दौरान रनवे पर पहुंचते ही विमान के लैंडिंग गियर का टायर अचानक फट गया। विमान में 37 यात्री सवार थे।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रयागराज की फ्लाइट कैंसिल
विमान में आई तकनीकी खराबी के बाद बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया। इससे प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल टायर फटने के बाद विमान रनवे पर ही खड़ा है। घटना की सूचना एयरलाइन कंपनी और एयरपोर्ट अथॉरिटी की तकनीकी टीम को दे दी गई है। विमान की तकनीकी जांच और आवश्यक मेंटेनेंस के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम के आने की जानकारी सामने आई है।
तकनीकी टीम के पहुंचने के बाद विमान को हटाने और रनवे को पूरी तरह क्लियर करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि विमान को रनवे से हटाने और तकनीकी जांच में लगने वाले समय के कारण अगले एक-दो दिनों तक बिलासा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनी की तकनीकी टीम घटना की जांच में जुटी है। टायर फटने की वास्तविक वजह तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








