रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने प्रशासनिक कसावट लाने के लिए मंगलवार शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सचिव स्तर के अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव के साथ ही छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। इस फेरबदल में कुल 22 IAS और एक IFS अधिकारी प्रभावित हुए हैं।
सबसे चर्चित बदलावों में IFS अधिकारी विवेक आचार्य को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद से हटाकर उनके मूल विभाग वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वापस भेजना शामिल है। वहीं पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी अब IAS सौमिल रंजन चौबे को दी गई है।
छह जिलों के कलेक्टर बदले
प्रशासनिक फेरबदल में कांकेर, कवर्धा, गरियाबंद, मुंगेली, सक्ती और मोहला-मानपुर जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं।
कुंदन कुमार को कांकेर कलेक्टर बनाया गया है। वे अब तक मुंगेली कलेक्टर थे।
तूलिका प्रजापति को कवर्धा कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले मोहला-मानपुर कलेक्टर थीं।
अमृत विकास तोपनो को मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। वे अब तक सक्ती कलेक्टर थे।
रणवीर शर्मा को गरियाबंद कलेक्टर बनाया गया है।
जयश्री जैन को सक्ती कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे अभी मंत्रालय में पदस्थ थीं।
तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर कलेक्टर बनाया गया है। वे अब तक खेल विभाग में संचालक की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
कांकेर और कवर्धा के कलेक्टर हटाए गए
कांकेर में लंबे समय से पदस्थ नीलेश क्षीरसागर को कलेक्टर पद से हटाकर संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा को मंत्रालय में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है।
कवर्धा में कलेक्टर और एसपी के बीच कथित खींचतान लंबे समय से चर्चा में रही थी। कुछ समय पहले कवर्धा के एसपी धर्मेंद्र छवई को भी हटाया गया था।
गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को भी करीब एक साल के भीतर कलेक्टर पद से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
हाईप्रोफाइल जिलों में नई पोस्टिंग
सरकार ने कुछ अधिकारियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिलों की कमान सौंपी है। कांकेर जैसे आदिवासी और खनिज बहुल जिले में कुंदन कुमार की पोस्टिंग महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं कवर्धा उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से जुड़ा महत्वपूर्ण राजनीतिक जिला है। ऐसे में तूलिका प्रजापति की नियुक्ति भी अहम मानी जा रही है। मुंगेली केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का गृह जिला होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, जहां अमृत विकास तोपनो को कलेक्टर बनाया गया है।
विवेक आचार्य की पर्यटन मंडल से छुट्टी
IFS विवेक आचार्य को पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक पद से हटाकर वन विभाग में वापस भेजा गया है। आचार्य पहले संस्कृति विभाग में भी पदस्थ रहे हैं। उनके कार्यकाल को लेकर विवाद और आरोप सार्वजनिक चर्चा में रहे थे।
अब पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी IAS सौमिल रंजन चौबे को दी गई है। चौबे पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार में जनसंपर्क संचालक के पद पर भी रह चुके हैं। साय सरकार में पर्यटन मंडल जैसी महत्वपूर्ण संस्था की जिम्मेदारी मिलना उनकी अहम पोस्टिंग के तौर पर देखा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक प्राथमिकताओं और जिलों में कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है।








