जमीन विवाद में शिक्षक की हत्या, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्ता
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक शिक्षक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राधानगर (चितामांदा पारा) निवासी जय सिंह जगते ने थाना त्रिकुण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बड़े भाई जयकरण जगते, जो धमनी स्कूल में शिक्षक थे, 20 जुलाई 2026 को मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हरिमोहन जगते और बृजमोहन जगते ने जमीन विवाद को लेकर उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने जयकरण जगते को सड़क किनारे खींचकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना त्रिकुण्डा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 103(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी त्रिकुण्डा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों हरिमोहन जगते एवं बृजमोहन जगते, निवासी ग्राम राधानगर, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 21 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।








