चलती आज़ाद हिंद एक्सप्रेस से कथित मोबाइल चोर को मारी लात, नीचे गिरा युवक; वायरल वीडियो के बाद यात्री गिरफ्ता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन में हुई एक हैरान करने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला उरकुरा–मांडर रेलवे सेक्शन के बीच चल रही आज़ाद हिंद एक्सप्रेस का है, जहां मोबाइल चोरी के संदेह में एक युवक को ट्रेन के भीतर बैठे यात्री ने लात मार दी। लात लगते ही युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। पूरी घटना ट्रेन में मौजूद एक अन्य यात्री ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली।
वायरल वीडियो में एक युवक ट्रेन के दरवाजे के बाहर लटका हुआ दिखाई देता है। इसी दौरान अंदर बैठे एक यात्री ने उसे जोरदार लात मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। घटना के वक्त ट्रेन तेज रफ्तार से चल रही थी। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
घटना का संज्ञान लेते हुए जीआरपीएफ ने कार्रवाई की और लात मारने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन से नीचे गिरा युवक मोबाइल चोरी के आरोप में यात्रियों के कब्जे में आया था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी के आरोप और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घायल युवक की तलाश भी जारी है।
जीआरपीएफ का कहना है कि वायरल वीडियो को जांच का अहम साक्ष्य बनाया गया है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








