भैयाथान।सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से आ रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बांक घाट में अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के समय वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे।
दुर्घटना में 8 से 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लवकेश गुर्जर मौके पर पहुंचे। उन्होंने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलटने की बात सामने आई है।बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से मां कुदरगढ़ी के दर्शन के लिए आ रहे थे।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








