महानदी में उफान: गंगरेल बांध के 14 गेट खुले, शिवरीनारायण का संपर्क टूटा; 30 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में भारी बारिश के बाद हालात गंभीर, शवरी पुल से छह फीट ऊपर बह रहा पानी;

SHARE:

रायगढ़
रायगढ़-बिलासपुर और रायगढ़-शिवरीनारायण मार्ग पर आवागमन प्रभावित, प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को किया तैनात
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। धमतरी स्थित गंगरेल बांध के जलभराव के चलते प्रशासन ने बांध के सभी 14 गेट खोल दिए हैं। इसके बाद महानदी में जबरदस्त उफान आ गया है और जांजगीर-चांपा, सक्ती तथा रायगढ़ जिले के कई इलाकों में बाढ़ का असर दिखाई देने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी है।
महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से शिवरीनारायण क्षेत्र में हालात गंभीर हो गए हैं। शिवरीनारायण का कई क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है, जबकि बिलासपुर रोड और केरा रोड पर बाढ़ का पानी पहुंचने से आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार शवरी पुल के ऊपर करीब छह फीट पानी बह रहा है, जिससे क्षेत्र में आवाजाही पर व्यापक असर पड़ा है।
वार्डों और मेला मैदान में घुसा पानी
शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक-1 में भी बाढ़ का पानी भर गया है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर सांस्कृतिक भवन में ठहराने की व्यवस्था की गई है। वहीं मेला ग्राउंड में भी पानी भर जाने से सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर लोग नाव के सहारे आवागमन करते नजर आ रहे हैं।
30 से अधिक गांव प्रभावित
महानदी के बढ़ते जलस्तर का असर तीन जिलों के 30 से अधिक गांवों में पड़ने की सूचना है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की थी। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने और जलस्तर बढ़ने के कारण महानदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
राहत और बचाव दल मुस्तैद
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव व्यवस्था तेज कर दी है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिला प्रशासन की ओर से अलग-अलग स्थानों पर भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
कई प्रमुख मार्गों पर पहुंचा बाढ़ का पानी
महानदी के उफान का असर सड़क संपर्क पर भी पड़ा है। रायगढ़-रायपुर, रायगढ़-शिवरीनारायण और रायगढ़-बिलासपुर मार्ग के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी पहुंचने से यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों से जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
लगातार बारिश और बांध से छोड़े जा रहे पानी के बीच प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि राहत एवं बचाव दल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd
1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

48 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई: खाली बोतलों की आड़ में 3.41 करोड़ का गांजा, UP का तस्कर गिरफ्तार ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहा था 632 किलो गांजा, लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने ट्रक दबोचा; 597 पैकेट बरामद

राज्य

शहर चुनें