रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय में रविवार की सुबह बारिश के चलते सड़क में जमी कीचड़ में फिसलकर गिरने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मृतका के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। वहीं दुसरी घटना कोतरा रोड थाने के पास घटी जहां दो मोटरसायकल के टकराने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई उसके साथ मोटर साइकिल में बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। दो घंटे के भीतर दो सड़क दुर्घटना को लेकर लोगों में जर्जर सड़क को लेकर आक्रोश जताया है ।
मिली जानकारी के मुताबिक नंदकुमारी सिंह (55 वर्ष) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने पति के साथ स्कूटी से ढिमरापुर रोड से उर्दना की ओर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि सड़क पर पानी गिरने के कारण काफी कीचड़ जमा था। इसी दौरान स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और नंदकुमारी सड़क पर जा गिरीं। तभी बगल से गुजर रहे ट्रक के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।
खराब सड़क बनी हादसे की वजह
घटना के बाद एक बार फिर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जबकि जगह-जगह गड्ढे भी बने हुए हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना जोखिम भरा हो जाता है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ट्रक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत
इसी तरह की दूसरी घटना कोतरा रोड थाना के पास स्थित
ओवर ब्रिज आज दोपहर तेज रफ्तार ट्रक चालक ने एक बुजुर्ग खूबचंद नायक 70 साल, निवासी कुसमुरा की मौके पर मौत हो गई वहीं उसकी पत्नी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।








