-
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक कथित बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में किराये के मकान में रह रहे शेख रेहान को पुलिस और एटीएस की टीम ने गिरफ्तार किया है। जांच में उसके पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शेख रेहान मूल रूप से बांग्लादेश के पार्वतीपुर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था और इसके बाद यहीं रहकर मोटर मैकेनिक का काम करने लगा।
*फर्जी तरीके से तैयार कराए भारतीय दस्तावेज*
जांच एजेंसियों को शक है कि रेहान ने कथित तौर पर फर्जी तरीके से भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराए। उसके कब्जे से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दस्तावेजों को हासिल करने में किन लोगों ने उसकी मदद की और दस्तावेज किस आधार पर तैयार किए गए।
भारतीय पासपोर्ट से कई बार बांग्लादेश जाने का दावा*
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि शेख रेहान कथित तौर पर भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर 4 से 5 बार बांग्लादेश की यात्रा कर चुका है। सुरक्षा एजेंसियां अब उसकी विदेश यात्राओं, संपर्कों और बांग्लादेश में मौजूद रिश्तेदारों अथवा अन्य लोगों से उसके संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।
ATS और पुलिस की संयुक्त पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS और पुलिस की टीमें रेहान से पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां उसके भारत में रहने की अवधि, दस्तावेज हासिल करने की प्रक्रिया, यात्रा रिकॉर्ड और स्थानीय स्तर पर उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।
डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, BSF के जरिए बांग्लादेश भेजने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत रेहान को डिटेंशन सेंटर में रखने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर BSF के माध्यम से उसे बांग्लादेश डिपोर्ट किए जाने की तैयारी है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और उसने भारतीय पहचान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया।








