रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर दूर स्थित बंगुरसिया गांव एवं आसपास का इलाका जंगली हाथियों के आंतक से थर्राने लगा है। कल शाम से लेकर देर रात तक हाथियों का दल सड़क किनारे आ गया था जिससे इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद हो गया जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामला रायगढ़ वन मंडल का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया इलाके में दो दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड बीती शाम से देर रात 2 बजे तक सक्रिय है। वहीं मुख्य दल से भटका एक हाथी लगातार गांवों और सड़क मार्गों पर उत्पात मचा रहे हैं, जिससे लोगों में भय व्याप्त है। हाथियों की गतिविधियों के चलते देर रात तक रायगढ़-सुंदरगढ़ एवं तमनार मार्ग पूरी तरह बाधित रहा। सड़क पर हाथियों के डटे रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह तक भी कई वाहन चालक मार्ग खुलने का इंतजार करते नजर आए।
वन विभाग ने स्थिति को देखते हुए लोगों से हाथियों के रास्ते को पार करने या उनके करीब जाने से बचने की अपील की है। वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। गुरूवार की सुबह जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण घायल हो चुका है वहीं उसके दो बेटे किसी तरह भागकर खुद को बचाया है।
प्रभावित गांव के ग्रामीण बताते हैं कि संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और आधा दर्जन से अधिक गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय घरों से बाहर न निकलने, अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने तथा हाथियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।
हाथियों के सड़क पर आने और लगातार विचरण करने से पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।







